धनबाद
रक्षा बंधन पर भाई-बहन के स्नेह का अनूठा संदेश, छात्राओं ने बीडीओ विशाल कुमार पाण्डेय को बांधी राखी
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

टुंडी : रक्षा बंधन के पावन पर्व की पूर्व मंगलवार को टुंडी प्रखंड में भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और सुरक्षा का भाव देखने को मिला। दक्षिणी टुंडी के नेटवारी विद्यालय एवं पश्चिमी टुंडी के मानियाडीह विद्यालय की छात्राएं टुंडी प्रखंड कार्यालय पहुंचीं और प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पाण्डेय पांडेय को राखी बांधकर उनका आशीर्वाद लिया। छात्राओं ने बीडीओ को राखी बांधते हुए भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना को व्यक्त किया। इस अवसर पर बीडीओ विशाल कुमार पांडेय ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्षा बंधन केवल एक धागा बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, करुणा, सम्मान और सुरक्षा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ ऐसे आत्मीय संबंध समाज में विश्वास और अपनापन बढ़ाते हैं। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, बीडीओ ने भी बच्चों के बीच पहुंचकर रक्षा बंधन का पर्व मनाने की पहल की। वे विवेकानंद सेवाश्रमविद्यालय पहुंचे, जहां बच्चों ने उन्हें राखी बांधी। बीडीओ ने बच्चों के साथ आत्मीयता से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट देकर उनकी खुशियों में शामिल हुए। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा। बीडीओ ने कहा कि बच्चों के साथ त्योहार मनाने से उनमें अपनत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के बीच बेहतर संबंध बनाने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों ने भी बीडीओ के साथ रक्षा बंधन मनाकर खुशी जाहिर की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। रक्षा बंधन के अवसर पर आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि त्योहार केवल परंपराओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज में प्रेम, भाईचारा, सम्मान और एक-दूसरे की सुरक्षा का संकल्प मजबूत करने का माध्यम भी हैं। प्रखंड कार्यालय से लेकर विद्यालय परिसर तक पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और अपनापन देखने को मिला।