धनबाद
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टुंडी का मैट्रिक रिजल्ट रहा शत-प्रतिशत
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

टुण्डी : टुंडी मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, टुण्डी की छात्राओं ने वार्षिक माध्यमिक परीक्षा (मैट्रिक) 2026 में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100% रहा, जिससे पूरे क्षेत्र और शिक्षा विभाग में खुशी की लहर है। विद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा में कुल 50 छात्राएं शामिल हुई थीं और सभी ने सफलता प्राप्त की है। इन सफल छात्राओं में से 42 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी हासिल कर अपनी कड़ी मेहनत का परिचय दिया है, जबकि 8 छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी में स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की छात्रा नमिता कुमारी ने 80.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की टॉपर बनीं, जबकि, चाँदनी बसकी ने 78.20 प्रतिशत अंक लाकर दूसरे स्थान, सोनिया कुमारी ने 78 प्रतिशत अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता पर वार्डेन संध्या कुमारी और तमाम शिक्षकों ने खुशी जाहिर की है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्राओं का यह प्रदर्शन उनकी नियमित पढ़ाई और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। ग्रामीण परिवेश से आने वाली इन बेटियों ने यह साबित कर दिया कि अगर सुविधा और हौसला मिले, तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती हैं। रिजल्ट की घोषणा के बाद विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर अपनी खुशी साझा की। सफल छात्राओं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता के सहयोग को दिया है। मौके पर कुमारी मनोरमा, पूनम कुमारी, संध्या कुमारी, भारती कुमारी, जितेन्द्र साव, अशोक कुमार मिश्रा, दीपक मिश्रा, सतीश चन्द्र कुंभकार, नीरज कुमार गोप, सुनील कुमार, मधू प्रिया, सुमन कुमार, अबिनाश चन्द्र रजक ने कस्तूरबा विद्यालय टुण्डी की इस बड़ी उपलब्धि पर छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।