गोला/मूरी
गोला में विधिक जागरूकता अभियान का आयोजन
डोर-टू-डोर संपर्क से दी गई कानूनी जानकारी
झझारखंड उत्कर्ष •

गोला : रामगढ़ जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार शनिवार को गोला प्रखंड के डेली मार्केट स्थित डीवीसी चौक में जागृति अभियान के तहत घर-घर संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक न्यायिक सहायता की जानकारी पहुंचाना था।
शिविर में उपस्थित लोगों को उनके कानूनी अधिकारों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। एलएडीसी के अधिवक्ता मोहन महतो ने बताया कि इस डोर-टू-डोर अभियान का मुख्य उद्देश्य गरीब, आर्थिक रूप से कमजोर, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लोगों के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को कानून की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर में जानकारी दी गई कि यदि किसी गरीब व्यक्ति को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जाता है, तो उसे निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही, वादियों को भी पैनल अधिवक्ता की सुविधा प्रदान की जाती है। इस दौरान घरेलू हिंसा, बाल विवाह पर रोक, डायन प्रथा उन्मूलन एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पैरा विधिक स्वयंसेवकों द्वारा पंपलेट वितरण किया गया तथा जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभात फेरी निकाली गई। इस अवसर पर एलएडीसी के अधिवक्ता मोहन महतो, डीएलएसए के अधिकार मित्र विनोद कुमार, पूनम कुमारी, शिला कुमारी, वीरेंद्र कुमार पाठक, मिहरा करमाली, अर्जुन नायक, अमर नायक एवं चरण मांझी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।