रांची CITY

विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर पासवा का संकल्प, डीएवी सरला स्कूल में लगाए 200 पौधे

प्रकृति संरक्षण ही मानवता की सुरक्षा का आधार, पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी : आलोक कुमार दूबे

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर पासवा का संकल्प, डीएवी सरला स्कूल में लगाए 200 पौधे - header image
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर पासवा का संकल्प, डीएवी सरला स्कूल में लगाए 200 पौधे
पासवा के हरित अभियान को मिला नया विस्तार, डीएवी सरला स्कूल में हुआ वृक्षारोपण विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर पासवा का संदेश—हर व्यक्ति लगाए एक पौधा
रांची। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में डीएवी सरला स्कूल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 200 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर आलोक कुमार दूबे ने कहा कि विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस हमें याद दिलाता है कि मानव और प्रकृति का संबंध प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि सहअस्तित्व का है। जब प्रकृति सुरक्षित होगी, तभी मानवता सुरक्षित होगी। स्वस्थ पर्यावरण, स्वस्थ समाज और स्वस्थ जीवन—इन्हीं तीनों का संतुलन भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि पासवा द्वारा चलाया जा रहा 50 लाख वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प है। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का भी संकल्प लें।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, पासवा के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वृक्षारोपण के माध्यम से सभी ने हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
आज के कार्यक्रम में पासवा के लाल किशोर नाथ शाहदेव, मेहुल दुबे, अनिकेत कुमार, अंकिता कुमारी, आरती कुमारी, खुशी कुमारी,वीणा कुमारी, विशाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।