धनबाद

धनबाद में मेगा यूथ फेस्ट 2026 का भव्य आयोजन, नाम प्रेम प्रभु ने युवाओं को दिया प्रेरणादायक संदेश

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
धनबाद में मेगा यूथ फेस्ट 2026 का भव्य आयोजन, नाम प्रेम प्रभु ने युवाओं को दिया प्रेरणादायक संदेश - header image
धनबाद में मेगा यूथ फेस्ट 2026 का भव्य आयोजन, नाम प्रेम प्रभु ने युवाओं को दिया प्रेरणादायक संदेश
टुंडी (धनबाद) : गोल्फ ग्राउंड में आयोजित मेगा यूथ फेस्ट 2026 में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आध्यात्मिकता, व्यक्तित्व विकास और सकारात्मक जीवनशैली पर केंद्रित इस आयोजन में युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बना। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नाम प्रेम प्रभु जी (इस्कॉन धनबाद) ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले अपने मन पर नियंत्रण रखना आवश्यक है। उन्होंने भगवद्गीता के सिद्धांतों, अच्छे संस्कारों और सकारात्मक सोच को अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि यदि युवा शक्ति सही दिशा में आगे बढ़े, तो वह न केवल अपना भविष्य संवार सकती है, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम के दौरान आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया कि मन को नियंत्रित कर व्यक्ति जीवन की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद आयोजित हरे कृष्ण रॉक कीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया। कीर्तन में युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन सभी श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों के बीच प्रसाद वितरण के साथ हुआ। मेगा यूथ फेस्ट ने युवाओं को आध्यात्मिकता, आत्म-विकास और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी संदेश दिया।