संथाल परगना
साहिबगंज में आज से जुटेंगे झारखंड के युवा कबड्डी खिलाड़ी, 24 जिलों की टीमें लेंगी हिस्सा
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

साहिबगंज: जिले में पहली बार 20वीं झारखंड राज्य जूनियर बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जहां तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को दोपहर 2 बजे सकरीगली रेलवे ग्राउंड में होगा। उधर प्रतियोगिता के सभी मुकाबले 12, 13 एवं 14 सितंबर को इसी मैदान में खेले जाएंगे। वही प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर शुक्रवार को साहिबगंज महाविद्यालय में आयोजन समिति की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जहां समिति के अध्यक्ष एवं साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू, सचिव लालू यादव एवं उपसचिव उत्तम कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड की स्वीकृति एवं मार्गदर्शन में साहिबगंज जिला कबड्डी एसोसिएशन सह आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
उधर आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में झारखंड के 24 जिलों की बालक एवं बालिका टीमें हिस्सा लेंगी। जहां राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी साहिबगंज पहुंच चुके हैं। वही प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका
उधर आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एवं चयनित खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता, जो अक्टूबर में प्रस्तावित है, में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उधर समिति ने कहा कि साहिबगंज में पहली बार इतने बड़े स्तर की जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। वही प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी आवश्यक सहयोग किया जा रहा है। वहीं साहिबगंज एवं सकरीगली के गणमान्य लोगों, विभिन्न खेल संघों और खेलप्रेमियों का भी सहयोग मिल रहा है। उधर बाहर से आने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों के आवास, भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
आगे आयोजन समिति ने बताया कि खेल भावना, अनुशासन और एकता के संदेश के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। समिति की ओर से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों, खेलप्रेमियों एवं दर्शकों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में रसायन विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार, जेएससीए सदस्य चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, कॉलेज खेल पदाधिकारी प्रदीप कुजूर, उत्तम कुमार, लालू यादव सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।