गोला/मूरी

​सिल्ली के रामडेरा में ₹50 करोड़ की लागत से निर्मित विद्युत ग्रिड का केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया निरीक्षण

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
​सिल्ली के रामडेरा में ₹50 करोड़ की लागत से निर्मित विद्युत ग्रिड का केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया निरीक्षण - header image
​सिल्ली के रामडेरा में ₹50 करोड़ की लागत से निर्मित विद्युत ग्रिड का केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया निरीक्षण
रामडेरा विद्युत ग्रिड का निर्माण जनता की सुविधा के लिए किया गया है। लगभग एक वर्ष से तैयार ग्रिड का संचालन शुरू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण - संजय सेठ
- ​पिछले एक वर्ष से तैयार ग्रिड को अविलंब चालू करने के लिए बिजली विभाग के सीएमडी को दिए निर्देश
- ​ग्रिड के शुरू होने से सिल्ली और आसपास के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली




सिल्ली: सिल्ली के रामडेरा में लगभग ₹50 करोड़ की लागत से बनकर तैयार विद्युत ग्रिड पिछले एक वर्ष से संचालन की राह देख रहा है। क्षेत्र की जनता को बिजली की समस्या से निजात दिलाने और इस ग्रिड को जल्द से जल्द चालू कराने के उद्देश्य से आज केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं भाजपा रांची पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय कुमार महतो 'धीरज' ने संयुक्त रूप से ग्रिड परिसर का औचक निरीक्षण किया।
​निरीक्षण के दौरान ग्रिड के बनकर तैयार होने के बावजूद इसके चालू न होने पर केंद्रीय मंत्री ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने मौके से ही बिजली विभाग के सीएमडी से दूरभाष पर सीधे बातचीत की और इस ग्रिड को बिना किसी देरी के अविलंब शुरू करने के सख्त निर्देश दिए।​​केंद्रीय मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि इस ग्रिड के चालू होने से सिल्ली एवं इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही बिजली की आंख-मिचौनी और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान हो जाएगा। इससे क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।​उन्होंने याद दिलाया कि इस महत्वपूर्ण और जनउपयोगी परियोजना की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में की गई थी, ताकि सिल्ली की जनता को बिजली के संकट से न जूझना पड़े।भाजपा रांची पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय महतो धीरज ने कहा कि रामडेरा विद्युत ग्रिड के शुरू होने से सिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ मुख्य रूप से भाजपा रांची ग्रामीण पूर्वी के जिला अध्यक्ष धीरज महतो,भाजपा सिल्ली मंडल अध्यक्ष अंबुज रजक जी,पतराहातू मंडल अध्यक्ष भागीरथ महतो,बसंत सुंडी, अमित बेदिया जी, खगेश महतो सहित दर्जनों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।