धनबाद

लोधरिया में 77वें वन महोत्सव का भव्य शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया पौधरोपण का आह्वान

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
लोधरिया में 77वें वन महोत्सव का भव्य शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया पौधरोपण का आह्वान - header image
लोधरिया में 77वें वन महोत्सव का भव्य शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया पौधरोपण का आह्वान
टुंडी : टुंडी प्रखंड अंतर्गत लोधरिया में शुक्रवार को 77वें वन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, वन क्षेत्र पदाधिकारी विकास पालीवाल, टुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय, सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी, जिला परिषद सदस्य मीना हेब्रम तथा स्थानीय मुखिया गरीबन बीबी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करे। वन महोत्सव केवल पौधरोपण तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। इस अवसर पर अधिकारियों ने वन संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।