पलामू प्रमंडल

बरवाडीह कन्या मध्य विद्यालय के 78 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल, अतिथियों ने कहा- सुविधा बढ़ने से शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
बरवाडीह कन्या मध्य विद्यालय के 78 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल, अतिथियों ने कहा- सुविधा बढ़ने से शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह - header image
बरवाडीह कन्या मध्य विद्यालय के 78 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल, अतिथियों ने कहा- सुविधा बढ़ने से शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह
बरवाडीह(लातेहार)। राज्य सरकार की छात्र कल्याण योजना के तहत गुरुवार को बरवाडीह कन्या मध्य विद्यालय में कक्षा आठ के 78 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें नियमित रूप से शिक्षा से जोड़ना है। साइकिल मिलने से छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी रेशमा रेखा मिंज, प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी, सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी सिंह एवं विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह उर्फ पिंटू उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की।
इस अवसर पर बीडीओ रेशमा रेखा मिंज ने कहा कि सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए काफी लाभकारी है। साइकिल मिलने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी कम होगी और उनकी उपस्थिति में भी सुधार आएगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की।प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी ने कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की नींव है। सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाकर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ें।सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है। साइकिल जैसी सुविधाएं बच्चों को आत्मनिर्भर बनाती हैं और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाती हैं।विधायक प्रतिनिधि प्रेम कुमार सिंह उर्फ पिंटू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए विद्यालय तक पहुंचना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है। साइकिल मिलने से उनकी राह आसान होगी और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगे।मौके पर प्लस-2 हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका सुनीता खलखो, कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार, पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार, अनिता देवी, रविंद्र राम, अजीत कुमार, मनोहर यादव, राजू कुमार, विनोद कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।