संथाल परगना
सदर प्रखंड में 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित निःशुल्क विधिक सहायता, लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं परिसंपत्तियों का वितरण
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

साहिबगंज: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अखिल कुमार के मार्गदर्शन में संचालित 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अंतर्गत मंगलवार को साहिबगंज सदर प्रखंड परिसर में विधिक जागरूकता सह आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत एवं अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, विधिक सहायता एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। आगे उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के सदस्य, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, श्रमिक तथा अन्य पात्र व्यक्तियों को विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। वही उन्होंने उपस्थित लोगों को लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिला एवं बाल अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, नशामुक्ति, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार तथा टोल फ्री विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वही अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने केंद्र एवं राज्य सरकार के द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। आगे उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अबुआ आवास योजना, राशन कार्ड, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना सहित अन्य जनहितकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की।
जहां कार्यक्रम के दौरान 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि जिले के सभी पंचायतों एवं गांवों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। जहां जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत, अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों के द्वारा लाभुकों को परिसंपत्तियां प्रदान की गईं तथा उन्हें योजनाओं का समुचित लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। वही लाभुकों ने सरकार एवं जिला प्रशासन के द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया। वही कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उन्हें आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक परामर्श भी प्रदान किया गया। साथ ही साथ पारा विधिक स्वयंसेवकों के द्वारा विधिक जागरूकता संबंधी पंपलेट एवं सूचना सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर अस्सिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल अमरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मचारी, पारा विधिक स्वयंसेवक, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहियाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। उधर कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि 90 दिवसीय अभियान के माध्यम से जिले के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक विधिक सहायता, न्याय एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकारों एवं योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।