राज्य

पटमदा में छह मृतकों के आश्रितों को मिला आपदा राहत का मुआवजा

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
पटमदा में छह मृतकों के आश्रितों को मिला आपदा राहत का मुआवजा - header image
पटमदा में छह मृतकों के आश्रितों को मिला आपदा राहत का मुआवजा

पूर्वी सिंहभूम। जिले के पटमदा अंचल में सर्पदंश और सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले छह लोगों के परिवारों को शुक्रवार को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अंचल प्रशासन की ओर से संबंधित आश्रितों को मुआवजा राशि का लाभ दिलाया गया।

पटमदा के अंचलाधिकारी (सीओ) डॉ राजेंद्र कुमार दास की ओर से विधायक प्रतिनिधि सुभाष कर्मकार के माध्यम से लाभुकों को प्रतीकात्मक चेक सौंपे गए। सर्पदंश से हुई मौत के मामलों में अमजना बीबी के पति इमांदी मियां, चिंतामणि की माता कल्पना मांझी और सुबिता सबर के पति दुर्योधन सबर को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

वहीं, सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीन लोगों के आश्रितों को भी मुआवजा दिया गया। खेडुआ निवासी कार्तिक महतो की पत्नी रेणुका महतो, जाल्ला निवासी तरणी महतो की पत्नी पस्तु महतो और माचा निवासी सत्यनारायण दत्ता की पत्नी प्रतिमा दत्ता को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

अंचलाधिकारी डॉ राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की निर्धारित योजना के तहत सभी छह मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित लाभुकों के बैंक खातों में राशि भेजी जा चुकी है। मुआवजा मिलने से मृतकों के परिवारों को आर्थिक संकट से उबरने में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।