संथाल परगना
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

साहिबगंज: विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर मंगलवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में नमामि गंगे कार्यक्रम के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं नदी संवर्धन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति संरक्षण, जल संसाधनों के सतत उपयोग तथा नदियों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। उधर इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी अमित मिश्रा ने विद्यार्थियों को झारखंड में गंगा नदी के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जहां उन्होंने विशेष रूप से साहिबगंज जिले में प्रवाहित गंगा नदी के पारिस्थितिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह क्षेत्र गंगा डॉल्फिन के प्रमुख प्राकृतिक आवासों में से एक है। साथ ही साथ यहां की समृद्ध जैव विविधता इसे पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बनाती है। आगे उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तरुण कुमार ने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। वही उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं एवं प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता एवं सामूहिक जिम्मेदारी से ही प्रकृति एवं पर्यावरण का संरक्षण प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जा सकता है। उधर कार्यक्रम के अंतर्गत 'प्रकृति संरक्षण' एवं 'नदी' विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जहां विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से स्वच्छ एवं निर्मल नदियों, हरित पर्यावरण, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत विकास का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया। वही आयोजित प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरणीय विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ साथ उनकी रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करना था। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रवीण कुमार (पीजीटी शिक्षक इतिहास), राजकुमार राम (पीजीटी शिक्षक भूगोल), राजू कुमार गोंड (कला शिक्षक), बी. झा (टीजीटी शिक्षक अंग्रेजी), रवि कुमार (टीजीटी शिक्षक हिंदी), मो. अशरफ (पीजीटी शिक्षक जीवविज्ञान), प्रिया भारती (शारीरिक शिक्षा शिक्षिका), उन्नति भारती सहित विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे। जहां कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा प्रकृति, पर्यावरण एवं जल संसाधनों के संरक्षण के लिए अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।