धनबाद
राजीव गांधी की जयंती पर श्रद्धापूर्वक किया गया नमन
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

टुंडी : टुंडी एवं पूर्वी टुंडी कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को टुंडी हटिया स्थित आइडियल मेडिकल के सामने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मौके पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर एवं संचार के क्षेत्र में नई दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया। साथ ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने तथा पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने में भी उनका अहम योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राजीव गांधी के विचारों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूर्वी टुंडी प्रखंड अध्यक्ष योगेश प्रसाद रजक ने कहा कि राजीव गांधी का सपना एक मजबूत, आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत का था। उन्होंने युवाओं की क्षमता को पहचाना और देश को तकनीकी रूप से आगे ले जाने की नींव मजबूत की। उनकी सोच आज भी देश के विकास के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर प्रखंड उपाध्यक्ष प्रवीण जायसवाल, अब्दुल मजीद अंसारी, जिला सचिव निशा सिंह, बसंती देवी, आशीष जायसवाल, पूर्वी टुंडी प्रखंड अध्यक्ष योगेश प्रसाद रजक, दिलीप मंडल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।