गोला/मूरी

रामगढ़ की जिला टॉपर बनीं गोला प्रखंड के सेरेंगातु की मिल्पा कुमारी

उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के अध्यक्ष ने मिल्पा कुमारी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
रामगढ़  की जिला टॉपर  बनीं  गोला प्रखंड के सेरेंगातु  की मिल्पा कुमारी - header image
रामगढ़ की जिला टॉपर बनीं गोला प्रखंड के सेरेंगातु की मिल्पा कुमारी
रामगढ़/गोला : घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में गोला प्रखंड के सुदूर ग्रामीण इलाके से आने वाली छात्रा मिल्पा कुमारी ने पूरे रामगढ़ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बरीयातू की यह मेधावी छात्रा सेरेंगातु निवासी बृजेश कुमार महतो के पुत्री है, जिसने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।
मिल्पा कुमारी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी के बावजूद अगर हौसला मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता। सुदूर देहात क्षेत्र की बेटी द्वारा जिला टॉपर बनना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य बेटियों के लिए एक अनमोल प्रेरणा बन गई है। जिला टॉपर बनने पर विधायक प्रतिनिधि मनोज पुजहर छात्रा के घर पहुंचे और मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे गोला क्षेत्र के लिए गौरव की बात है और इससे अन्य छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर समाजसेवी वासुदेव प्रसाद एवं उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के अध्यक्ष भागवत तिवारी ने भी मिल्पा कुमारी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कई समाजसेवीगण उपस्थित रहे और छात्रा की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
वहीं, उच्च विद्यालय गोला के भी दो छात्रों ने मैट्रिक परीक्षा के टॉप-10 में स्थान बनाकर प्रखंड का मान बढ़ाया है। दोनों छात्रों ने प्रथम श्रेणी में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर मिली इस सफलता ने यह संदेश दिया है कि बेटियां अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सही मार्गदर्शन व मेहनत से वे नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।