संथाल परगना

स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती पर कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान, सीता सोरेन ने बढ़ाया हौसला

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती पर कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान, सीता सोरेन ने बढ़ाया हौसला - header image
स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती पर कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान, सीता सोरेन ने बढ़ाया हौसला

साहिबगंज: झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती गुरुवार को शहर के बड़ा लोहड़ा स्थित दुर्गा सोरेन सेना के जिला कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जहां इस कार्यक्रम में जामा की पूर्व विधायक सीता सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि अध्यक्षता दुर्गा सोरेन सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री सोरेन ने की।
उधर कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. दुर्गा सोरेन, स्व. शिबू सोरेन एवं सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद सीता सोरेन कार्यकर्ताओं के साथ सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पहुंचीं, जहां कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। इस मौके पर कार्तिक साह, विकास मंडल, अंगद दास एवं संजय साह ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। वही सीता सोरेन ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी पहल की सराहना की। उधर रक्तदान कार्यक्रम के बाद सभी जिला कार्यालय लौटे, जहां सीता सोरेन ने केक काटकर स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती मनाई। इस दौरान उनके संघर्ष, योगदान और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका को याद किया गया। वही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीता सोरेन ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। आगे उन्होंने कहा कि जयंती के अवसर पर रक्तदान कर दुर्गा सोरेन सेना को मजबूत करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया गया है। इस दौरान उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। जहां हाल में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की घटना की निंदा करते हुए उन्होंने इसे सरकार की दमनकारी नीति बताया। आगे उन्होंने कहा कि जिस झारखंड को आंदोलनकारियों ने अपने खून-पसीने से सींचा, आज उसी राज्य में युवाओं और छात्रों की आवाज को लाठी के बल पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वही उन्होंने कहा कि अब झारखंड की जनता को दूसरे विकल्प पर विचार करना होगा। इस मौके पर दुर्गा सोरेन सेना के साहिबगंज जिलाध्यक्ष संजय कुमार साह, केनी सोरेन, छोटू सिंह समेत कई जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद थे।