संथाल परगना
राजनीतिक दलों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

साहिबगंज: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। जहां निरीक्षण के दौरान जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उधर निर्धारित प्रक्रिया के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस के डबल लॉक एवं सीलबंद तीनों विधानसभा कक्षों को खोला गया। इसके बाद वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया और उनके सुरक्षित रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया गया। वही उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी एवं रिकॉर्डिंग व्यवस्था के साथ साथ सुरक्षा प्रबंधन का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस की निगरानी व्यवस्था 24 घंटे सक्रिय और प्रभावी रखी जाए तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। उधर निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की गई। वही उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। वही निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस को पुनः डबल लॉक कर विधिवत सीलबंद किया गया। जहां उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते रहने का निर्देश दिया।