संथाल परगना

पंचायत के बाद कमरे में बंद हुई विवाहिता, सुबह मायके के पास मिला शव; पति गिरफ्तार

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता

पतना: रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर आदिवासी टोला में 35 वर्षीय विवाहिता दुल्हन हेंब्रम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जहां मृतका के पति धोना किस्कू पर हत्या का आरोप लगाया गया है। उधर घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को थाना क्षेत्र के एक जंगल से गिरफ्तार कर लिया। वही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर मृतका के चाचा एवं बिशनपुर के ग्राम प्रधान ढेपांग हेंब्रम के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जहां पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मारपीट को लेकर हुई थी पंचायत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले दुल्हन हेंब्रम के साथ कथित मारपीट को लेकर गांव में ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। जहां पंचायत के दौरान पति धोना किस्कू अपनी पत्नी को लेकर घर के अंदर चला गया। इसके बाद दोनों के कमरे में जाने के बाद दरवाजा अंदर से बंद हो गया। वही पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, ग्रामीणों ने दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया। इसी दौरान कमरे के भीतर से दुल्हन की चीख पुकार सुनाई देने का ग्रामीणों ने दावा किया हालांकि, कुछ देर बाद ग्रामीण अपने अपने घर लौट गए।

सुबह मायके के पास मिला शव

उधर अगली सुबह दुल्हन हेंब्रम का शव उसके मायके के पास मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। जहां सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वही पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पति की तलाश में तत्काल छापेमारी शुरू की। वही पुलिस के अनुसार, कुछ ही घंटों के भीतर धोना किस्कू को थाना क्षेत्र के एक जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जहां पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। वही घटनास्थल की परिस्थितियों, ग्रामीणों एवं परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को लेकर रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जहां आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों एवं मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

पिता की मौत के बाद चाचा ने दर्ज कराई प्राथमिकी

वही बताया गया कि मृतका के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है ऐसे में उसके चाचा ढेपांग हेंब्रम, जो बिशनपुर के ग्राम प्रधान भी हैं, ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पति पुलिस हिरासत में है। वही विवाहिता की मौत हत्या है या किसी अन्य परिस्थिति में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।