धनबाद

बीसीसीएल कर्मी विजय तुरी का ईलाज के दौरान दुर्गापुर में मौत, पत्नी को मिला प्रोविजनल नियुक्ति

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
बीसीसीएल कर्मी विजय तुरी का ईलाज के दौरान दुर्गापुर में मौत, पत्नी को मिला प्रोविजनल नियुक्ति - header image
बीसीसीएल कर्मी विजय तुरी का ईलाज के दौरान दुर्गापुर में मौत, पत्नी को मिला प्रोविजनल नियुक्ति
*कतरास* : बीसीसीएल के ब्लॉक 2 क्षेत्र अंतर्गत एबीओसीपी माइंस, केसरगढ़ में कार्यरत एसडीएल/एलएचडी ऑपरेटर विजय तुरी (43) का शनिवार को दुर्गापुर स्थित विवेकानंद अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से परिजनों और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। विजय तुरी बोकारो जिले के दुग्धा बूढ़ीडीह तुरी टोला के निवासी थे। अपने पीछे वे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार 21 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें तत्काल केंद्रीय अस्पताल धनबाद में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया, जहां करीब एक महीने तक उपचार चलने के बाद 30 मई को उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार सुबह मृतक का पार्थिव शरीर लेकर परिजन और श्रमिक नेता एबीओसीपी कार्यालय पहुंचे। मृतक की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर नियोजन देने की मांग करने लगें । प्रबंधन की ओर से त्वरित पहल नहीं होने पर श्रमिक संगठनों ने कोलियरी का कामकाज ठप करा दिया। आंदोलन के कारण कोयला उत्पादन और परिवहन कई घंटों तक प्रभावित रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परियोजना पदाधिकारी पीएसके सिन्हा, एपीएम अनील कुमार तथा यूनियन प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की वार्ता हुई। लंबी बातचीत के बाद सहमति बनी और प्रबंधन ने मृतक की पत्नी राबड़ी देवी को प्रोविजनल नियुक्ति पत्र सौंप दिया। साथ ही अन्य सभी देय भुगतान नियमानुसार करने का आश्वासन दिया। वहीं विजय तुरी की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।