उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल

झरिया के जामाडोबा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
झरिया के जामाडोबा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार - header image
झरिया के जामाडोबा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
धनबाद । धनबाद के झरिया स्थित जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी नंबर-2 में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बाइक भी बरामद की हैं।

रविवार को सिंदरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रकाश चंद महतो ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 मई को डुमरी नंबर-2 निवासी रिक्की सिंह (28) को आपसी विवाद के दौरान गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।

घटना के बाद घायल की पत्नी चंदा कौर के आवेदन पर जोड़ापोखर थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दो आरोपितों नानक सिंह और आरिफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त दोनों बजाज पल्सर 220 बाइक बोकारो स्टील रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बरामद की गईं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे हर्ष सिंह और गौरव सिंह के साथ रिक्की सिंह के घर के पास रखे रोपवे केबल को उठाने गए थे। इसी दौरान रिक्की सिंह और उनके भाई विजय उर्फ दारा सिंह के साथ विवाद हो गया, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। विवाद बढ़ने पर जामाडोबा पेट्रोल पंप के पास हर्ष सिंह ने रिक्की सिंह पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रिक्की सिंह और उनके दोनों भाई पूर्व में गौरव सिंह उर्फ गोपु के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। हालांकि वर्तमान विवाद के पीछे वास्तविक कारण और पूरे नेटवर्क की पुलिस गहन जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी शामिल आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।