गोला/मूरी

क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार हो रहे हैं जनहित के कार्य : कमलेश महतो

साड़म गांव में 63 केवीए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, जर्जर पोल व तार बदलने का काम भी जारी

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार हो रहे हैं जनहित के कार्य : कमलेश महतो - header image
क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार हो रहे हैं जनहित के कार्य : कमलेश महतो
रामगढ़ गोला : गोला प्रखंड के साड़म गांव स्थित ऊपर बगीचा शिव मंदिर के समीप सोमवार को 63 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक प्रतिनिधि कमलेश कुमार महतो ने फीता काटकर ट्रांसफार्मर का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बुके व माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि श्री महतो ने कहा कि रामगढ़ विधायक ममता देवी के नेतृत्व में पूरे विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साड़म गांव में पहले से स्थापित 200 केवीए ट्रांसफार्मर पर उपभोक्ताओं का लोड लगातार बढ़ने से लोगों को लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ममता देवी की पहल से नया 63 केवीए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया है, जिससे बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि सिर्फ नया ट्रांसफार्मर लगाने तक ही कार्य सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र में जर्जर हो चुके बिजली के खंभों और पुराने तारों को भी बदला जा रहा है। इससे विद्युत आपूर्ति और अधिक सुरक्षित एवं सुचारु होगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना विधायक की प्राथमिकता है और आगे भी विकास कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा। कार्यक्रम में उपमुखिया तुलसीदास महतो, पंचायत समिति सदस्य लालदेव महतो, अमरलाल महतो, रितु महतो, राजेंद्र महतो, दीपू कुमार उर्फ छोटू, शैलेंद्र कुमार, राजू, जुगेश, रुकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए विधायक ममता देवी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।