गोला/मूरी
हिंडालको इंडस्ट्रीज़,मुरी द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट का हुआ शुभारंभ
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

मुरी:- हिंडालको इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड,मुरी के सीएसआर विभाग द्वारा स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया गया। हिंडालको मुरी के बिजनेस हेड सौरभ खेडेकर ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल मेडिकल यूनिट को रवाना किया।इस अवसर पर अपने संबोधन में खेडेकर ने कहा,“हिंडालको केवल एक उद्योग नहीं चलाता,बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए भी निरंतर कार्य करता है। मोबाइल मेडिकल यूनिट इसी सोच और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।इसके माध्यम से दूर-दराज़ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हिंडालको भविष्य में भी इसी प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन करता रहेगा।”कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिंडालको के सीएमओ नित्यानंद राय तथा प्लांट हेड संदीप पाटिल ने कहा कि हिंडालको अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सदैव वचनबद्ध रहा है और स्वास्थ्य, शिक्षा,आजीविका एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मोबाइल मेडिकल यूनिट क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।इस अवसर पर हिंडालको के एचआर हेड प्रमोद कुलहर, आईआर हेड कुमार अविशेक,अकाउंट्स हेड अभिजीत सेन,प्रशांत बोस,श्याम कुमार,प्रभात सहित कंपनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने भी भाग लिया,जिनमें लुपुंग पंचायत के मुखिया सीमा गोंझू,पिस्का पंचायत के मुखिया सोमरा मांझी,कोचो पंचायत की मुखिया सोमवारी देवी समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं समाजसेवी शामिल रहे।इसके अतिरिक्त सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारीगण,सभी सहियाएं तथा द हंस फाउंडेशन की अंजलि एवं उनकी टीम भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन से क्षेत्र के दूरस्थ एवं वंचित ग्रामीणों तक नियमित स्वास्थ्य जांच,चिकित्सीय परामर्श,आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य जागरूकता सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।यह पहल हिंडाल्को मुरी की जनस्वास्थ्य एवं सामुदायिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाएगी।कार्यक्रम का संचालन हिंडालको मुरी के सीएसआर विभाग के प्रमुख अनिल सिंह द्वारा किया गया।उन्होंने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए मोबाइल मेडिकल यूनिट की उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी साझा की तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।