धनबाद
डिग्री कॉलेज टुंडी में कंप्यूटर लैब, हर्बल गार्डन एवं कॉलेज वेबसाइट का भव्य उद्घाटन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो व कुलपति डॉ. राम कुमार सिंह ने किया लोकार्पण (विवेकानंद तुरी)
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

टुंडी : सरकारी डिग्री कॉलेज, टुंडी में रविवार को आयोजित गरिमामय समारोह में टुंडी विधानसभा के विधायक मथुरा प्रसाद महतो एवं बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति वरीय प्रो. (डॉ.) राम कुमार सिंह ने अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, धन्वंतरि हर्बल गार्डन तथा कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट का संयुक्त रूप से विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्व. बिनोद बिहारी महतो के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि कॉलेज वेबसाइट शुरू होने से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य अधिक पारदर्शी, प्रभावी और विद्यार्थियों के लिए सुलभ बनेंगे। उन्होंने कहा कि बदलते समय में आधुनिक संसाधनों से युक्त शिक्षण व्यवस्था ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार है और इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई दिशा मिलेगी। कुलपति प्रो. (डॉ.) राम कुमार सिंह ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए कहा कि डिजिटल युग में आधुनिक कंप्यूटर लैब विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में विकसित धन्वंतरि हर्बल गार्डन की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण, औषधीय पौधों के संवर्धन तथा विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने की सराहनीय पहल बताया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंप्यूटर लैब, हर्बल गार्डन एवं कॉलेज वेबसाइट का शुभारंभ संस्थान के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान एवं डिजिटल सेवाओं का व्यापक लाभ मिलेगा। समारोह में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रानी सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. अविनाश कुमार ने प्रस्तुत किया।