धनबाद
मतदाता सूची डिजिटाइजेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन, चार बीएलओ हुए सम्मानित ; प्रिय देवी, संजीदा खातून, शमीमा प्रवीण और सोनी तबस्सुम को मिला सम्मान
बीडीओ विशाल कुमार पांडेय ने शॉल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मान।
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

टुंडी : मतदाता विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने वाले चार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को बुधवार को टुंडी प्रखंड कार्यालय में सम्मानित किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल कुमार पांडेय ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित समारोह में सभी बीएलओ को शॉल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। टुंडी विधानसभा क्षेत्र के टुंडी प्रखंड में कार्यरत 89 बीएलओ में से मतदान केंद्र संख्या 54 की प्रिय देवी, मतदान केंद्र संख्या 71 की संजीदा खातून, मतदान केंद्र संख्या 73 की शमीमा प्रवीण तथा मतदान केंद्र संख्या 74 की सोनी तबस्सुम ने अपने-अपने बूथ क्षेत्र में मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर मिसाल कायम की। इस अवसर पर बीडीओ विशाल कुमार पांडेय ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि सम्मानित बीएलओ ने समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और लगन के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कर अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणास्रोत बनने का काम किया है। उन्होंने सभी बीएलओ से इसी प्रतिबद्धता के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों का निष्पादन करने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदाता सूची का प्रत्येक विवरण सटीक होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाता है। समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने वाले कर्मियों को भविष्य में भी प्रोत्साहित किया जाता रहेगा। कार्यक्रम में बीपीआरओ बबलेश शाह, तकनीकी सहायक अशोक कुमार सिंह सहित प्रखंड कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।