उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल

टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण में रामगढ़ जिला पूरे राज्य में प्रथम, उपायुक्त की पहल को मिली बड़ी सफलता

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण में रामगढ़ जिला पूरे राज्य में प्रथम, उपायुक्त की पहल को मिली बड़ी सफलता - header image
टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण में रामगढ़ जिला पूरे राज्य में प्रथम, उपायुक्त की पहल को मिली बड़ी सफलता
रामगढ़।प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रामगढ़ जिला ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण के क्षेत्र में रामगढ़ जिला पूरे झारखंड में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। यह उपलब्धि उपायुक्त श्री ऋतुराज के मार्गदर्शन, जिला प्रशासन के सतत प्रयासों तथा निक्षय मित्रों के सहयोग का परिणाम है।जिले में अब तक 173 निक्षय मित्र अभियान से जुड़ चुके हैं, जिनके सहयोग से सभी इलाजरत टीबी मरीजों को नियमित रूप से पोषण पोटली उपलब्ध कराई जा रही है। उपायुक्त की विशेष पहल पर निक्षय मित्र बैंक खाता भी खोला गया है, जिसमें जिले के पदाधिकारी, कर्मचारी, औद्योगिक प्रतिष्ठान, निजी संस्थान एवं समाजसेवी सहयोग राशि जमा कर निक्षय मित्र बन रहे हैं। इस अभिनव पहल से टीबी मरीजों को निरंतर पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिसकी राज्य स्तर पर भी सराहना हो रही है।राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026 में जिले में संभावित टीबी लक्षण वाले 13,195 लोगों की Truenat एवं CBNAAT मशीनों से जांच की गई। जांच के दौरान 500 टीबी मरीजों की पहचान की गई, जबकि 16 एमडीआर-टीबी (MDR-TB) मरीज भी चिन्हित किए गए। वर्तमान में जिले का उपचार सफलता दर (Treatment Success Rate) 98 प्रतिशत है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में अब तक केवल एक मरीज की मृत्यु दर्ज की गई है, जो प्रभावी उपचार एवं सतत निगरानी का सकारात्मक परिणाम है।100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के 82 हाई रिस्क गांवों में शिविर आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 148 शिविरों का सफल आयोजन किया गया। यह लक्ष्य का 180 प्रतिशत उपलब्धि है। अभियान के दौरान 6,710 एक्स-रे एवं 2,960 बलगम जांच की गई, जिनमें 14 नए टीबी मरीजों की पहचान कर उनका उपचार प्रारंभ कराया गया।वर्तमान में भी जिले के सभी प्रखंडों में गांव-गांव जाकर हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है, ताकि संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।उपायुक्त श्री ऋतुराज ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के पोषण एवं उपचार में सहयोग करें तथा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता, समय पर जांच, नियमित उपचार और पोषण सहायता के माध्यम से टीबी मुक्त रामगढ़ एवं टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को निश्चित रूप से प्राप्त किया जा सकता है।