धनबाद

दुबराजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक प्रसूति विभाग का उद्घाटन, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर मातृ स्वास्थ्य सेवा

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
दुबराजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक प्रसूति विभाग का उद्घाटन, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर मातृ स्वास्थ्य सेवा - header image
दुबराजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक प्रसूति विभाग का उद्घाटन, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर मातृ स्वास्थ्य सेवा
टुंडी : टुंडी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुबराजपुर में शुक्रवार को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित प्रसूति विभाग का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल पांडेय, सिविल सर्जन तथा चिकित्सा प्रभारी डॉ. श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर नए प्रसूति केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हर आवश्यक आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। इन संसाधनों का उद्देश्य तभी सफल माना जाएगा, जब टुंडी एवं आसपास के क्षेत्र के मरीजों को सामान्य प्रसव एवं अन्य बुनियादी उपचार के लिए धनबाद के सरकारी या निजी अस्पतालों का रुख न करना पड़े। उपायुक्त ने कहा कि चिकित्सकों की जिम्मेदारी है कि वे मरीजों को समय पर बेहतर उपचार, मानवीय व्यवहार एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो। टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि अत्याधुनिक प्रसूति विभाग के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को काफी राहत मिलेगी। अब उन्हें सुरक्षित प्रसव के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और आर्थिक दोनों दृष्टि से लाभ मिलेगा। चिकित्सा प्रभारी डॉ. श्रवण कुमार ने बताया कि नए प्रसूति विभाग में आधुनिक उपकरणों एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी चौबीसों घंटे सेवाएं देने के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा मिलेगा। उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को टुंडी क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।